स्कूप : शिल्पा शिंदे ने माना ‘भाबी जी घर पर हैं’ के प्रोड्यूसर पर लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप था झूठा!!,

गॉसिप टीवी के अनुसार, अभिनेत्री शिल्पा शिंदे ने अपने चर्चित शो भाबी जी घर पर हैं से बाहर होने को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने स्वीकार किया कि शो के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर लगाया गया उनका यौन उत्पीड़न का आरोप झूठा था।

हाल ही में भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान शिल्पा ने अपने करियर के सबसे मुश्किल दौर को याद करते हुए इस विवाद पर खुलकर बात की।शिल्पा ने बताया कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब उनसे एक एक्सक्लूसिव कॉन्ट्रैक्ट साइन करने को कहा गया।

इस पर अपनी आपत्ति जाहिर करते हुए उन्होंने कहा, “उस कॉन्ट्रैक्ट का मकसद कलाकार को कंट्रोल करना था ताकि वह ज्यादा फीस के लिए बातचीत न कर सके। यह मेरा पहला शो नहीं था, इसलिए मैं उन शर्तों को मानने के लिए तैयार नहीं थी।”अभिनेत्री ने साफ किया कि उन्हें कहीं और काम करने से कोई परेशानी नहीं थी।

उन्होंने कहा, “मैंने उनसे कहा था कि मुझे कहीं और काम करने की जरूरत ही नहीं है क्योंकि मेरे पास समय ही नहीं था। असली समस्या यह थी कि मुझे कंट्रोल किया जा रहा था और अपने फैसले खुद लेने की आजादी नहीं दी जा रही थी।”शिल्पा ने आगे आरोप लगाया कि कॉन्ट्रैक्ट साइन करने से मना करने के बाद चीजें तेजी से बदल गईं।

उन्होंने कहा, “जो लोग पहले मुझे छुट्टी तक नहीं देते थे, उन्होंने अचानक कहा कि अगले दिन से मेरी कोई शूटिंग नहीं है। जब मैंने वजह पूछी तो कोई साफ जवाब नहीं मिला। इसके बाद खबरें आने लगीं कि अंगूरी अब शो का हिस्सा नहीं है। मुझे लगा कि यह सब मुझे डराने के लिए किया जा रहा है।

”एक अहम बातचीत को याद करते हुए शिल्पा ने कहा, “मुझे कहा गया कि अगर कॉन्ट्रैक्ट साइन नहीं करना है तो शो छोड़ दो। जब मैंने कहा कि मैं शो छोड़ दूंगी, तब मुझसे कहा गया — ‘फिर तुम कुछ नहीं कर पाओगी, मैं तुम्हें घर बैठा दूंगा।

’”सबसे चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब शिल्पा ने यौन उत्पीड़न केस पर बात की।उन्होंने कहा, “उस समय मैंने यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज कराई क्योंकि मुझे लगा कि मेरे पास कोई और रास्ता नहीं था। पीछे मुड़कर देखती हूं तो लगता है कि वह बहुत बड़ा कदम था। आज मैं कहना चाहती हूं कि मैंने जो आरोप लगाए थे, वे सच नहीं थे। मैं पहली बार यह बात स्वीकार कर रही हूं।”

शिल्पा ने यह भी बताया कि बाद में मामला सुलझ गया था और अब उनके रिश्ते शो के निर्माताओं के साथ सामान्य हैं। एक दशक से ज्यादा समय बाद वह इस विवाद से आगे बढ़ चुकी हैं।